राजगढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता चंदर सिंह सौंधिया ने मंगलवार देर रात कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया।

धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी की रिहाई के साथ छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के समर्थन में भी आवाज बुलंद की।

धरने पर बैठे कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में कई छात्रों को गंभीर चोटें आईं, कुछ के हाथ-पैर टूटे और कई के सिर में चोट लगी। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की।

फिलहाल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखने की बात कही है।