हरदा में आयकर विभाग ने सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 के तहत स्कूली विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान निबंध लेखन, पेंटिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पांच स्कूलों के लगभग 280 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

हरदा, मध्य प्रदेश से एक ऐसी पहल सामने आई है, जिसका उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आयकर विभाग द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रधान आयकर आयुक्त-1, भोपाल सृजनी मोहन्ती के नेतृत्व और संयुक्त आयकर आयुक्त, परिक्षेत्र-1 सौरभ कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का मुख्य विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखा गया।

कार्यक्रम की शुरुआत आयकर कार्यालय हरदा में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा लेने के साथ हुई। इसके बाद जन-जागरूकता गतिविधियों के तहत सनफ्लावर स्कूल हरदा में कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, पेंटिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

इन प्रतियोगिताओं में सनफ्लावर स्कूल, द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन स्कूल, मदर्स लैप स्कूल, संस्कार पब्लिक स्कूल हरदा और नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी के लगभग 280 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

आयकर विभाग की ओर से सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वहीं, विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 3 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे आयकर भवन हरदा में प्रमाणपत्र, स्मृति चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में सहयोग देने वाले स्कूलों के शिक्षकों को भी स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

इस आयोजन का उद्देश्य कार्यप्रणाली में ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देना तथा बच्चों और समाज के बीच भ्रष्टाचार मुक्त कार्यशैली का संदेश पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन आयकर विभाग के अधिकारी ललन कुमार द्वारा कराया गया। इस दौरान स्कूलों के शिक्षक, विद्यार्थी और आयकर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हरदा से राकेश खरका की रिपोर्ट।