📰 पूरी खबर:
मंदसौर। नशे के कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने काली क्रेटा कार से 100 ग्राम MD ड्रग्स और 8 किलो डोडाचूरा बरामद किया। जब्त मश्रुका की कुल कीमत ₹17.66 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की शाम मुखबिर से सूचना मिलने पर हर्ष इको सिटी कॉलोनी, अभिनंदन नगर के पास नाकाबंदी कर क्रेटा कार को रोका गया। तलाशी में कार से मादक पदार्थ बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहसिन पिता बाबुभाई मंसूरी (32), निवासी गांधीनगर, गुजरात, हाल मुकाम अहमदाबाद, और रोहान उर्फ रिहान पिता यूनुस भाई शेख (22), निवासी अहमदाबाद, गुजरात के रूप में हुई है।
पुलिस ने 100 ग्राम MD ड्रग्स (कीमत ₹10 लाख), 8 किलो डोडाचूरा (₹16 हजार), क्रेटा कार (₹7 लाख) और एक एप्पल आईफोन (₹50 हजार) जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/18, 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और आगे कहां सप्लाई किए जाने थे। कार्रवाई थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने की।