पन्ना में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत अमानगंज और कोतवाली पन्ना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से कुल 5 किलो 60 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। इसके साथ ही एक स्विफ्ट कार, एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 7 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।

पहली कार्रवाई थाना अमानगंज क्षेत्र में की गई। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने गडोखर के आगे टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को उडला गांव के पास स्थित एक ढाबे से गिरफ्तार किया।

अमानगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 610 ग्राम गांजा, परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार, बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

इस मामले में पुलिस ने राकेश विश्वकर्मा और ऋषि मिश्रा को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई थाना कोतवाली पन्ना क्षेत्र में हुई। पुलिस टीम ने गल्ला मंडी पन्ना में टीन शेड के नीचे बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

इस मामले में पुलिस ने अमन कुशवाहा को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस अब दोनों मामलों में गांजे के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान के मार्गदर्शन में की गई।

पन्ना पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है।