📰 पूरी खबर:
उमरिया/बांधवगढ़:---- जिले बाँधवगढ़ इको सेंटर ताला में 4 सितंबर को आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक की अध्यक्षता एवं निर्देशन में आयोजित बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में शासन के नियमों को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के ड्यूटीकर्ता अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए भीड़ प्रबंधन एवं नियंत्रण को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। इसके उपरांत सभी प्रमुख मेला ड्यूटी स्थलों का दौरा कर फील्ड विजिट की गई एवं मेला मार्ग तथा विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट निर्धारित किए गए। आवश्यक सुधार कार्यों हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया गया। उक्त बैठक एवं क्षेत्र भ्रमण के दौरान उप संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, सहायक संचालक, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त परिक्षेत्र अधिकारी एवं फील्ड बायोलॉजिस्ट उपस्थित रहे।