उमरिया जिले के सिंगल टोला रेलवे फाटक के पास बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जहां लकड़ी के लट्ठों से भरा भारी वाहन अचानक पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क की दूसरी ओर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है हालांकि सड़क किनारे बनी चाय-नाश्ते की गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि रेलवे फाटक के दोनों ओर सड़क पर बड़े और गहरे गड्ढे हैं जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं वाहन के ओवरलोड होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल इस हादसे ने खराब सड़क और भारी वाहनों की ओवरलोडिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।