अनूपपुर 02 सितंबर 2026/ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिका एवं पंचायतों के उपनिर्वाचन वर्ष 2026 पूर्वार्द्ध के लिए जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। जिले में नगर पालिका परिषद कोतमा के वार्ड क्रमांक 13 तथा जनपद पंचायत कोतमा, अनूपपुर, जैतहरी एवं पुष्पराजगढ़ के अंतर्गत रिक्त पंच पदों के लिए निर्वाचन कराया जाना है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रत्नाकर झा ने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदर्श आचरण संहिता निर्वाचन तिथि की घोषणा के साथ प्रभावशील होकर निर्वाचन परिणाम की घोषणा तक लागू रहेगी।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगर पालिका परिषद कोतमा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश तत्काल प्रभावशील है।