पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में जिले में आर्थिक अपराध एवं धोखाधड़ी के प्रकरणों में आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना सिंह एवं एसडीओपी राजीव भदौरिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमानगंज निरीक्षक हेमंत कुमार नायक के नेतृत्व में थाना अमानगंज पुलिस टीम ने गरीब एवं भोली-भाली महिलाओं को ऋण दिलाने का लालच देकर उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

58 महिलाओं के साथ की गई धोखाधड़ी

21 जून को आवेदक श्रीकांत पटेल, निवासी ग्राम पोला, थाना मझौली, जिला जबलपुर, हाल सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी अमानगंज द्वारा थाना अमानगंज में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन में सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, शाखा अमानगंज के तत्कालीन शाखा प्रबंधक हेमंत पटेल, भरत निषाद एवं फील्ड स्टाफ बीआरओ गुरूप्रसाद कुर्मी तथा ऊषा दहायत द्वारा समूह की गरीब महिलाओं को ऋण देने का प्रलोभन देकर उनके आधार कार्ड, वोटर कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य दस्तावेज प्राप्त करने तथा उनके नाम पर ऋण स्वीकृत कर ऋण राशि महिलाओं के खातों में जमा न कराकर स्वयं अथवा अपने रिश्तेदारों/परिचितों के खातों में हस्तांतरित कर गबन करने संबंधी शिकायत की गई थी। मामले की जांच के दौरान आवेदक सहित समूह की 58 महिला सदस्यों के कथन लिए गए। जांच में पाया गया कि आरोपियों द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महिलाओं के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ऋण राशि अन्य खातों में हस्तांतरित की गई। इस प्रकार कुल ₹24,69,935/- (चौबीस लाख उनहत्तर हजार नौ सौ पैंतीस रुपये) की धोखाधड़ी एवं गबन किया जाना पाया गया। दौरान जाँच  थाना अमानगंज में अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए प्रकरण के मुख्य आरोपी एवं सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड शाखा अमानगंज के तत्कालीन शाखा प्रबंधक भरत उर्फ भारत निषाद पिता स्व. जमुना प्रसाद निषाद, उम्र 35 वर्ष, निवासी बड़े जैन मंदिर के पास, गैसाबाद, थाना गैसाबाद, जिला दमोह को गैसाबाद, जिला दमोह से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में  आरोपी द्वारा बताया गया कि अपने साथियों के साथ मिलकर अमानगंज में सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्य करते हुए गांव की महिलाओं को ऋण दिलाने का प्रलोभन देकर उनके आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज प्राप्त करना तथा उनके नाम पर ऋण लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ऋण की राशि अपने संबंधियों एवं स्टाफ के खातों में डलवाना बताया गया। आरोपी द्वारा कुल 58 महिलाओं के नाम पर लगभग ₹24.69 लाख रुपये की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की भूमिका एवं राशि के लेन-देन के संबंध में पुलिस द्वारा विस्तृत विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी  भरत उर्फ भारत निषाद पिता – स्व. जमुना प्रसाद निषाद उम्र – 35 वर्ष  निवासी – बड़े जैन मंदिर के पास, गैसाबाद, थाना गैसाबाद, जिला दमोह

फरार आरोपी
01.हेमंत पटेल – तत्कालीन शाखा प्रबंधक, सोनाटा फाइनेंस कंपनी 
02.गुरूप्रसाद कुर्मी – फील्ड स्टाफ/बीआरओ
03.ऊषा दहायत – फील्ड बीआरओ स्टाफ

सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक हेमंत कुमार नायक, उप निरीक्षक ईश्वर सिंह, सउनि कृष्ण कुमार विश्वकर्मा, प्र.आर. अनिल गर्ग, शिवम शर्मा, गणेश सिंह, देवनारायण शुक्ला, आर. विश्वास शुक्ला, अरुण तिवारी एवं सत्यनारायण अग्निहोत्री का सराहनीय योगदान रहा।