📰 पूरी खबर:
पन्ना, मध्य प्रदेश। पवई थाना पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का संपूर्ण मश्रुका करीब ₹90 हजार कीमत का बरामद किया है। बरामद सामान में सोने-चांदी के जेवरात, ₹20 हजार नगद, बैंक पासबुक, आधार कार्ड और बैग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कुपना निवासी 78 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक श्यामलिया चौधरी 27 अगस्त 2026 को अपने घर पर ताला लगाकर बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसा और कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गया।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पवई में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान विक्रम चौधरी उम्र 23 वर्ष और द्वारिका चौधरी उम्र 36 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम कुपना, ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने के दो लॉकेट, सोने की अंगूठी, चांदी की चेन, चांदी का पुराना सिक्का, ₹20 हजार नगद, बैंक पासबुक, आधार कार्ड और काले रंग का बैग बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, रिपोर्ट दर्ज कराते समय फरियादी को एक सोने के लॉकेट की ही जानकारी थी, लेकिन पूछताछ में आरोपियों ने दो लॉकेट चोरी करना बताया, जिसके बाद दोनों लॉकेट बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उप जेल पवई भेज दिया गया है।