📰 पूरी खबर:
विदिशा। जिले के भौंरासा गांव स्थित एमसेंट प्लांट की खदान में गुरुवार को 45 वर्षीय डंपर चालक साजिद खां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद खदान के कर्मचारी उन्हें कुरवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि खदान में ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर लगने से हादसा हुआ होगा,
हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, खदान में पहले भी हादसा हो चुका है, जिसमें एक युवक की मौत हुई थी। साजिद खां खदान में डंपर चलाते थे। उनके परिवार में एक भाई, दो बहनें और चार महीने की बेटी है।
घटना से परिवार में शोक का माहौल है। कुरवाई थाना प्रभारी आरके मिश्र ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।