📰 पूरी खबर:
लोकेशन रतलाम जावरा
रिपोर्टर पवन धाकड़
रतलाम। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिले में 15 दिन तक चलाए गए ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ जनजागरूकता अभियान का समापन बुधवार को पुलिस लाइन के सामुदायिक भवन में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं है। यह पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। नशामुक्त रतलाम बनाने के लिए पुलिस के साथ हर नागरिक को आगे आना होगा।
समारोह में अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल और राकेश पंद्रो विशेष रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डीजीपी कैलाश मकवाना के वीडियो संदेश के प्रसारण और दीप प्रज्वलन से हुई।
इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। साई श्री स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक और योग प्रस्तुत किया। मलखंभ खिलाड़ी जितेंद्र धूलिया ने करतब दिखाए, वहीं जादूगर सम्राट ने जादू से नशे के खिलाफ संदेश दिया। जावरा के युवाओं द्वारा बनाई गई लघु फिल्म भी दिखाई गई।
अभियान के दौरान आयोजित खेल, निबंध, पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेताओं सहित सहयोगी अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। संचालन आर.सी. तिवारी ने किया।