जावरा। प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के प्रथम दिवस जिलेभर में रैली, शपथ ग्रहण एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ अभियान की शुरुआत हुई। अभियान का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।

इसी क्रम में जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र की सरसी चौकी के प्रभारी अयूब खान महावीर कान्वेंट स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देती है। इससे पढ़ाई, खेल और करियर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नशे के कारण परिवारों में कलह, आर्थिक संकट और अपराध जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने बताया कि सिगरेट, तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

चौकी प्रभारी ने बच्चों से अपील की कि यदि कोई मित्र या परिचित उन्हें नशा करने के लिए प्रेरित करे तो स्पष्ट रूप से मना करें और इसकी जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को दें। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर एवं नशामुक्ति केंद्रों की जानकारी भी साझा की। साथ ही साइबर अपराध और नशे के नए तरीकों से सतर्क रहने के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ ने “हम नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे” की शपथ ली।

विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षकों ने पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे नियमित रूप से जारी रखने की आवश्यकता बताई।