📰 पूरी खबर:
केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) एवं केंद्रीय भूजल बोर्ड (CGWB), उत्तर मध्य क्षेत्र, भोपाल के मार्गदर्शन में 21 अगस्त 2026 को जे.के. सीमेंट वर्क्स, जिला पन्ना स्थित यदुपति सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईटीआई) में “स्थानीय भूजल समस्याएं एवं प्रबंधन” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं विशेष रूप से रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग के महत्व के प्रति जागरूक करना था। मुख्य अतिथि के रूप में श्री अशोक कुमार बिसवाल, क्षेत्रीय निदेशक, CGWB, भोपाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भूजल स्तर में लगातार गिरावट को रोकने के लिए वर्षा जल संचयन को अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
तकनीकी सत्र में सुश्री पैसनी पटेल, साइंटिस्ट-सी, CGWB, भोपाल ने भूजल प्रबंधन एवं रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग की तकनीकी जानकारी विस्तार से साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को सरल तरीकों से जल संरक्षण को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जे.के. सीमेंट के यूनिट हेड कपिल अग्रवाल एवं पर्यावरण प्रमुख अजय शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में जल प्रबंधन एवं सतत विकास में जल संरक्षण की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस कार्यशाला में आईटीआई के लगभग 130 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इंटरैक्टिव सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से उनके समाधान प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को वर्षा जल संचयन अपनाने एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई।