📰 पूरी खबर:
वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) भोपाल व्दारा पन्ना टाइगर रिजर्व, पन्ना में पंचायती राज संस्थाओं (PRI) के संवेदीकरण हेतु एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को परिक्षेत्र हिनौता में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वन्यजीव अपराधों की रोकथाम में स्थानीय निकायों की भूमिका को सशक्त बनाना और जन-जागरूकता को बढ़ाना था।
आयोजन में पन्ना टाइगर रिजर्व के समस्त परिक्षेत्रों के परिक्षेत्र अधिकारी, वन विभाग के कर्मचारी, तथा विभिन्न ईको विकास समितियों (EDC) के अध्यक्ष एवं महिला-पुरुष सदस्यों सहित लगभग 100 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने वन्यजीव अपराधों की प्रकृति, उनकी रोकथाम के लिए अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रियाओं और इसमें पंचायती राज संस्थाओं की सक्रिय भूमिका पर विस्तृत चर्चा की। उपस्थित प्रतिभागियों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के तरीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम के अंत में, उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने वन्यजीवों की सुरक्षा और वनों के संरक्षण के लिए संकल्प लिया। उन्होंने शपथ ली कि वे न केवल अपने क्षेत्र में वन्यजीवों की रक्षा के लिए तत्पर रहेंगे, बल्कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना वन विभाग को तुरंत उपलब्ध कराएंगे।
पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए इस सामूहिक प्रयास को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।