नीमच। देश सेवा का सर्वाेच्च दायित्व निभाने वाले सैनिक समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं। ऐसे ही ग्राम केलुखेड़ा के गौरव एवं भारतीय सेना के जांबाज सैनिक राजकुमार पाटीदार के 22 वर्षों की गौरवशाली सैन्य सेवा पूर्ण कर स्वगृह आगमन पर क्षेत्रवासियों द्वारा भव्य सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह एवं स्वागत यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार यह सम्मान समारोह 3 अगस्त 2026, सोमवार को आयोजित होगा। स्वागत यात्रा दोपहर 3 बजे हथियारखाल सांदा से प्रारंभ होकर ग्राम केलुखेड़ा पहुंचेगी। इस दौरान ग्रामीणजन, सामाजिक संगठन, युवा, वरिष्ठ नागरिक एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होकर पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ सैनिक का अभिनंदन करेंगे।

राजकुमार पाटीदार ने भारतीय सेना में लगभग 22 वर्षों तक राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह आयोजन रखा गया है। ग्रामवासियों का कहना है कि किसी सैनिक का सम्मान पूरे समाज के सम्मान के समान है और नई पीढ़ी को देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने का यह एक सराहनीय प्रयास है।

आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस गौरवपूर्ण अवसर के सहभागी बनने की अपील की है, ताकि देश की सेवा कर लौटे सैनिक का सम्मान पूरे समाज की ओर से गरिमापूर्ण ढंग से किया जा सके। यह आयोजन न केवल एक सैनिक के सम्मान का अवसर होगा, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को भी और अधिक मजबूत करेगा।