नीमच | 21 जुलाई 2026 | नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), मध्य प्रदेश इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदसौर और नीमच जिले में दो अलग-अलग छापों में 1,093.090 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार, एक टीवीएस स्टार सिटी प्लस मोटरसाइकिल और डोडाचूरा पीसने में इस्तेमाल होने वाली एक चक्की भी जब्त की गई है।

प्रकरण-1: मंदसौर के आकली गांव से 898.180 किलो डोडाचूरा बरामद

सीबीएन को सूचना मिली थी कि मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम आकली में एक व्यक्ति अपने मकान में बड़ी मात्रा में अवैध डोडाचूरा जमा कर उसे चक्की से पीसकर पाउडर के रूप में तस्करी की तैयारी कर रहा है।

सूचना के आधार पर सीबीएन की संयुक्त टीम ने 20 जुलाई की सुबह छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान के विभिन्न कमरों से 46 बोरियों में भरा 898.180 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। मौके से डोडाचूरा पीसने में उपयोग की जा रही एक चक्की भी जब्त की गई। कार्रवाई के बाद मकान मालिक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

प्रकरण-2: नीमच में अर्टिगा कार से 194.910 किलो डोडाचूरा जब्त

दूसरी कार्रवाई में सीबीएन को सूचना मिली कि ग्राम पिपलोन से मनासा की ओर एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार में अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है तथा उसके आगे टीवीएस स्टार सिटी प्लस मोटरसाइकिल पायलट वाहन के रूप में चल रही है।

सीबीएन टीम ने मनासा-रामपुरा बाईपास रोड पर दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। अर्टिगा कार से 10 प्लास्टिक बोरियों और एक कपड़े की बोरी में कुल 194.910 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जांच जारी

दोनों मामलों में जब्त मादक पदार्थ और वाहन एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत जब्त कर लिए गए हैं। सीबीएन ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों व पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने कहा है कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और 'नशा मुक्त भारत' के लक्ष्य को लेकर सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।