पन्ना जिले में मध्य प्रदेश पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए पुलिस सैलरी पैकेज एमओयू के तहत दिवंगत आरक्षक अजय भास्कर के परिजनों को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।

ड्यूटी के दौरान दिवंगत हुए आरक्षक के परिवार को यह सहायता एसबीआई की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दी गई। चेक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान और भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से परिजनों को सौंपा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। एसबीआई के साथ किया गया यह समझौता कठिन परिस्थितियों में पुलिस परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और संबल प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है।

वहीं, एसबीआई अधिकारियों ने बताया कि पुलिस सैलरी पैकेज का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि संकट की घड़ी में उन्हें आर्थिक सहयोग मिल सके।