मंदसौर जिले के दलौदा थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए पान की दुकान में चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹18 हजार कीमत के विभिन्न कंपनियों के सिगरेट पैकेट बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की रात दलौदा चौपाटी स्थित पान की दुकान के काउंटर का ताला तोड़कर सिगरेट के पैकेट चोरी किए गए थे। फरियादी विशाल शर्मा की रिपोर्ट पर थाना दलौदा में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

थाना प्रभारी उनि रविन्द्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी कृष्णा उर्फ कन्हैया पिता विजेन्द्र उर्फ गुड्डा बंजारा, उम्र 19 वर्ष, निवासी गांधी नगर, इंदौर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह राजस्थान घूमने गया था, जहां आंवरी माता, थाना भदेसर, राजस्थान में सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी। इसके बाद उसी मोटरसाइकिल से इंदौर लौटते समय दलौदा चौपाटी पर पान की दुकान का ताला तोड़कर सिगरेट के पैकेट चोरी किए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP11MN7978, कीमत करीब ₹50 हजार, भी बरामद की है।

इस तरह पुलिस ने कुल ₹68 हजार का मशरूका बरामद किया है।

सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी उनि रविन्द्र प्रताप डांगी, प्रआर दीपेन्द्र सिंह, प्रआर यादवेन्द्र सिंह एवं आरक्षक युवराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।