खिरकिया। प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कमल पटेल ने सोमवार को खिरकिया विकासखंड के ग्राम खमलाय में 37 लाख 50 हजार रुपए की लागत से बनने वाले नवीन ग्राम पंचायत भवन का विधिवत भूमिपूजन किया।

भाजपा सोशल मीडिया हरदा विधानसभा सह संयोजक आशुतोष पाराशर ने बताया कि भूमिपूजन कार्यक्रम ग्राम खमलाय में पुराने माध्यमिक शाला भवन के पास आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब और किसान के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।यह भाजपा सरकार की पहली प्राथमिकता हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश तथा प्रदेश के गांवों में विकास की गंगा बह रही है। श्री पटेल ने कहा कि किसी भी ग्राम का पंचायत भवन गांव के विकास का केंद्र होता है, जहां से ग्रामीणों के विकास का खाका तैयार होता है। साथ ही योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों को मिलता है। उन्होंने कहा कि खिरकिया क्षेत्र के गांव-गांव में सड़कों का जाल, हर घर नल से जल, स्कूल भवनों का उन्नयन और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार भाजपा सरकार की देन है। 


इस अवसर पर खिरकिया जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सोलंकी, सरपंच ममता बाई भवर, उपसरपंच अल्पना पटेल, ग्राम के वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण बोस, उपसरपंच प्रतिनिधि सुभाष मास्टर, सुभाष पुनिया, सुखराम उमरिया, तेजराम पटेल बड़नगर, राधेश्याम गोदारा, पृथ्वी विश्नोई, शिवकुमार बघेल, हरनाम सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।