📰 पूरी खबर:
खंडवा जिले के किल्लौद थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चलाने की बात को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक के सिर पर लोहे की सब्बल से वार कर उसे गंभीर चोट पहुंचाई गई। मामले में किल्लौद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय हरसूद में पेश किया है।
पूरा मामला खंडवा जिले के किल्लौद थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडिया का है। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को फरियादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोटरसाइकिल चलाने की बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी राजा ने उसके पुत्र प्रीतम के सिर पर लोहे की सब्बल से वार कर दिया। वहीं, दूसरे आरोपी दीपक पर मारपीट करने, अश्लील गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
फरियादी की शिकायत पर किल्लौद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों राजा पिता विश्वनाथ सिंह राजपूत और दीपक पिता अर्जुन सिंह राजपूत, निवासी ग्राम कुंडिया, को गिरफ्तार कर न्यायालय हरसूद के समक्ष पेश किया।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वर्मा, उपनिरीक्षक सखाराम पगारे, प्रधान आरक्षक भगवानदास घाटे तथा आरक्षक अभिषेक धार्मिक और दिनेश कलम की सराहनीय भूमिका रही।
खंडवा से राकेश खरका की रिपोर्ट।