📰 पूरी खबर:
धार जिले के धामनोद थाना पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराध के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले 18 लोहे के तराफे चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल ₹65 हजार का मश्रुका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कमलाबेन हॉस्पिटल के सामने अरुण पाटीदार के प्लांट पर नाली निर्माण के लिए 9 अगस्त को 35 लोहे के तराफे स्लैब बनाने के लिए रखे गए थे। 25 अगस्त की शाम तक सभी तराफे मौके पर मौजूद थे। इसके बाद 29 अगस्त को ठेकेदार के मुनीम ने देखा कि इनमें से 18 तराफे गायब हैं।
मामले की रिपोर्ट पर थाना धामनोद में अपराध क्रमांक 423/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की। पुलिस ने सुभाष गिरवाल, रामकृष्ण सिंगारे और भूरिया उर्फ भूरेसिंह कटारे को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 18 लोहे के तराफे, कीमत करीब ₹15 हजार, और घटना में प्रयुक्त सीबीजेड मोटरसाइकिल, कीमत करीब ₹50 हजार, कुल ₹65 हजार का मश्रुका बरामद किया गया है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।