📰 पूरी खबर:
उज्जैन जिले के माकड़ोन थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर किसान जीवन शर्मा की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक कांग्रेस से जुड़ा हुआ था। परिजनों के मुताबिक, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। बीती रात जीवन शर्मा दूध लेने के लिए निकला था, तभी आरोपियों ने उसे घेरकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई ने राजाराम, कृष्णपाल, नंदकिशोर और बाबूलाल सहित अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दशहरे के दिन भी जमीन को लेकर विवाद हुआ था।
तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस
घटना की सूचना मिलते ही माकड़ोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए उज्जैन भेजा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वीरेंद्र शर्मा, नंदकिशोर और बाबूलाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस वारदात में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे विधायक महेश परमार
किसान की हत्या की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और समर्थक पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। कांग्रेस विधायक महेश परमार भी समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।