📰 पूरी खबर:
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं को अगस्त माह की मासिक आर्थिक सहायता राशि तथा रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बुधवार 19 अगस्त को जिला मैहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की पात्र लाभार्थी महिलाओं के खातों में राशि अंतरित कि जायेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को अगस्त माह की मासिक आर्थिक सहायता राशि 1,500 रुपए तथा रक्षाबंधन के अवसर पर 250 रुपए की विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस प्रकार प्रत्येक पात्र लाभार्थी महिला को कुल 1,750 की राशि का अंतरण किया जाना प्रस्तावित है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया जाएगा। जारी निर्देशानुसार जिले में भी अधिक से अधिक महिलाओं को इस कार्यक्रम से जोड़ने और उन्हें वेबकास्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण दिखाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया गया है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लाभार्थी महिलाओं तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाई जाए तथा अधिक से अधिक महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पंचायत स्तर से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक आवश्यक समन्वय कर वेबकास्ट प्रसारण की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के माध्यम से प्राप्त होने वाली आर्थिक सहायता के साथ रक्षाबंधन के अवसर पर दी जा रही विशेष राशि के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले की अधिकाधिक पात्र लाभार्थी महिलाएं कार्यक्रम से जुड़ें और शासन की इस पहल की जानकारी प्राप्त कर सकें।
19 अगस्त को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की लाखों लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता का लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के वेबकास्ट प्रसारण को सुचारु रूप से संपन्न कराने तथा अधिक से अधिक लाभार्थी महिलाओं को इससे जोड़ने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।