पवई। खरीफ सीजन में यूरिया की बढ़ती मांग के बीच प्रशासन ने गुरुवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्रसाल स्टेडियम के पास दो वाहनों से 102 बोरी यूरिया जब्त की। कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देश पर की गई। दोनों वाहनों को आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई के लिए पवई थाने में सुरक्षित रखवा दिया गया।

जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक MP21 ZB 1813 से 52 बोरी तथा वाहन क्रमांक MP35 GA 1295 से 50 बोरी यूरिया बरामद हुई। दोनों वाहनों से कुल 102 बोरी यूरिया जब्त की गई। दस्तावेजों के अनुसार MP35 GA 1295 के चालक धर्मेंद्र कुशवाहा तथा MP21 ZB 1813 के चालक वीरेन्द्र राय बताए गए हैं।

प्रशासन अब यूरिया के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और वैधता की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खरीफ सीजन में यूरिया की बढ़ी मांग के बीच हुई इस कार्रवाई से अवैध खाद परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।