📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 01 सितंबर 2026/ कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आज जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में प्राप्त 49 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। तहसील अनूपपुर के ग्राम परसवार के श्री मन्नू लाल कोल ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन पुनः प्रारंभ कराने, तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिलासपुर की श्रीमती रजनी मरावी ने अंकसूची में नाम संशोधन कराने, तहसील अनूपपुर के ग्राम पायरी नंबर-1 निवासी श्रीमती अमृतिया ने मोहल्ले में विद्युत ट्रांसफार्मर बदलवाने तथा तहसील अनूपपुर के ग्राम कोड़ाकांसा निवासी श्रीमती कुंती बाई ने विच्छेदित घरेलू विद्युत कनेक्शन पुनः जोड़ने के संबंध में आवेदन सौंपा।
इसी क्रम में तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम बम्हनी की श्रीमती टेकवती सिंह ने भूमि का सीमांकन कराने तथा तहसील जैतहरी के श्री गुलमोहर सिंह कुशवाहा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जनसुनवाई में अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलबीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।