पन्ना टाइगर रिजर्व की दक्षिण बांधी बीट पर तैनात वन रक्षक रोहित गुप्ता (34) वर्ष पर इटवांकला गांव में तीन सगे भाइयों ने बीच सड़क पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए वन रक्षक की वर्दी फाड़ दी और डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की। कोतवाली थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Vio - प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन रक्षक रोहित गुप्ता 14 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे बीट भ्रमण कर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। तभी गांव के वीरेंद्र चौरहा के घर के पास उनके पुत्र रामजी चौरहा ने उन्हें रोक लिया। रामजी ने बीट में तलैया खुदाई के काम के बकाया भुगतान की मांग की। वन रक्षक ने जब कहा कि भुगतान की रिपोर्ट आगे कार्यालय भेज दी गई है, तो आरोपी विवाद करने लगा। बहस बढ़ते ही रामजी के दो भाई धीरेन्द्र चौरहा और श्यामजी चौरहा भी मौके पर पहुंच गए। तीनों ने मिलकर वन रक्षक को गालियां दीं। आरोप है कि श्यामजी ने वन रक्षक का कॉलर पकड़कर सरकारी वर्दी के बटन तोड़ दिए और वर्दी फाड़ दी, वहीं रामजी और धीरेन्द्र ने डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट से वन रक्षक के पीठ और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने जाते समय धमकी दी कि अगर जल्द ही पैसा नहीं मिला तो वे जान से मार देंगे। ​पीड़ित वन रक्षक की शिकायत के आधार पर पन्ना कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपी भाइयों रामजी चौरहा, धीरेन्द्र चौरहा और श्यामजी चौरहा के खिलाफ BNS की धारा 296, 132, 121(1), 351(3) और 3(5) के तहत शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।