पन्ना जिले में मध्यप्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान ने अभियान की शुरुआत करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

अभियान के शुभारंभ के बाद पन्ना शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

अभियान के पहले दिन जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में स्कूलों, महाविद्यालयों, बाजारों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों के साथ संवाद, शपथ ग्रहण और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिलेभर में रैलियां, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठियां, जनसंवाद और शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पन्ना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।