पन्ना जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुनवानी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 95 पेटी अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 15 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि किशनगढ़ रोड से अमानगंज की ओर एक पिकअप वाहन में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्राम उड़ला के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने की कोशिश की। हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

वाहन की तलाशी में 95 पेटियों में भरी 855 लीटर देशी शराब और पानी की 12 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने करीब 4.27 लाख रुपये की शराब और पिकअप वाहन सहित कुल लगभग 15.30 लाख रुपये का मशरूका जब्त कर लिया है।

फरार चालक के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पन्ना पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।