डिंडौरी नगर के वार्ड क्रमांक 5 में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतका की शादी करीब दो माह पहले ही हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने सास, ससुर और पति पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
मामले में एसडीओपी सतीश द्विवेदी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। वहीं, मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने पति, सास और ससुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।