अनूपपुर 03 सितंबर 2026/ मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य कर रहा है। ग्राम भाद, विकासखंड अनूपपुर निवासी पूजा सोनी की सफलता इसी शासकीय पहल का प्रेरणादायी उदाहरण है।
पूजा सोनी अपने पति एवं दो बेटियों के साथ निवास करती हैं तथा आजीविका मिशन द्वारा गठित समृद्धि स्व-सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। समूह से जुड़ने से पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सीमित थी। घरेलू आवश्यकताओं और बेटियों की शिक्षा संबंधी खर्चों की पूर्ति के लिए आय के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं थे।

स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद पूजा को आर्थिक गतिविधि प्रारंभ करने का अवसर मिला। उन्होंने समूह से 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर ब्यूटी पार्लर का कार्य प्रारंभ किया। व्यवसाय से आय प्राप्त होने लगी तो उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई। इसके बाद उन्होंने सीसीएल के माध्यम से 50 हजार रुपये का ऋण लेकर कपड़ों की दुकान प्रारंभ की। निरंतर मेहनत और लगन से दोनों व्यवसायों को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पुनः 50 हजार रुपये का ऋण लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार किया। आजीविका मिशन से जुड़ने से पूर्व उनके परिवार की मासिक आय लगभग 7 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर करीब 19 हजार 600 रुपये प्रतिमाह हो गई है। समय पर ऋण की अदायगी करते हुए पूजा ने अपने परिवार को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

आज पूजा सोनी स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। वह महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़कर शासकीय योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी क्षमता एवं हुनर को आजीविका का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

पूजा की कहानी बताती है कि शासकीय सहयोग, सही मार्गदर्शन, समूह की शक्ति और दृढ़ इच्छाशक्ति से आर्थिक चुनौतियों को अवसर में बदला जा सकता है। आज उनकी बढ़ी हुई आय के साथ परिवार में खुशियां लौटी हैं और आत्मनिर्भरता ने उनके जीवन को नई दिशा दी है।