📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 02 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने औद्योगिक इकाइयों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में उद्योगों की वर्तमान एवं आगामी मानव संसाधन आवश्यकताओं के अनुरूप स्थानीय युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को जिले में ही रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
बैठक में विभिन्न कंपनियों द्वारा फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मशीन ऑपरेटर, कारपेंटर, गैस कटर, ग्राइंडर, फायर सेफ्टी सहित अन्य ट्रेडों में कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता से अवगत कराया गया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कंपनियों से प्राप्त मांग का समेकित आकलन कर ट्रेडवार प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण संस्थानों में उद्योगों की मांग के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा प्रशिक्षण की क्षमता और आवश्यक कक्षाओं का निर्धारण भी मांग के आधार पर किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि ऐसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम विकसित किए जाएं, जिनके माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले स्थानीय युवा औद्योगिक इकाइयों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बन सकें और उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हों। उन्होंने उद्योगों में ऐसे अन्य कार्यों एवं पदों की भी पहचान करने के निर्देश दिए, जिनमें स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जा सकता है तथा जिनके लिए आवश्यक कौशल विकसित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भविष्य में किस प्रकार के कौशल की आवश्यकता होगी, इसका भी आकलन किया जाए। इसके लिए उद्योगों की वर्तमान एवं आगामी मानव संसाधन आवश्यकता की जानकारी प्राप्त कर ट्रेडवार मांग तैयार की जाए और उसी के अनुरूप प्रशिक्षण मॉड्यूल एवं पाठ्यक्रम निर्धारित किए जाएं। प्रशिक्षण के संचालन के लिए उद्योगों से किस प्रकार का सहयोग अपेक्षित है, इसकी जानकारी भी प्राप्त की जाए।
कलेक्टर ने जिले में आने वाली ताप विद्युत परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक कौशल के प्रशिक्षण की योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में भविष्य में आवश्यक मानव संसाधन का आकलन कर स्थानीय युवाओं को समय रहते आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि परियोजनाओं में रोजगार के अवसरों का लाभ स्थानीय युवाओं को मिल सके।
बैठक में कलेक्टर ने औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों के पंजीयन की भी जानकारी ली। उन्होंने सभी कंपनियों को निर्देश दिए कि उनके यहां कार्यरत प्रत्येक श्रमिक का पीएम श्रम सेवा पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एक माह के भीतर श्रमिकों का पंजीयन पूर्ण कर बेहतर परिणाम प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कंपनियों को खनिज की रॉयल्टी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर महाप्रबंधक उद्योग एवं व्यापार विभाग श्री आर.एम. खरे, प्रबंधक उद्योग एवं व्यापार विभाग सुश्री प्रियंका सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।