📰 पूरी खबर:
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ अमरकंटक से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला कपिलधारा का है, जहां पार्किंग शुल्क वसूली के दौरान एक परिवार के साथ कथित अभद्रता किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत थाने में की है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घटना का जिक्र किया गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है, तो क्या इसके लिए निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं का पालन किया जा रहा है?
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है, वहां सड़क इतनी संकरी है कि दो वाहन एक साथ मुश्किल से निकल पाते हैं। मौके पर न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही पर्याप्त नेटवर्क की व्यवस्था है। आरोप है कि कुछ लोग सड़क पर कुर्सी लगाकर, रस्सी बांधकर वाहनों को रोकते हैं और पार्किंग शुल्क वसूलते हैं।
पार्किंग शुल्क लेना गलत नहीं है, यदि वह नियमों के तहत लिया जाए और उसका उपयोग क्षेत्र के विकास में किया जाए। लेकिन यदि किसी श्रद्धालु के साथ अभद्र व्यवहार किया जाए, मोबाइल छीनने या वीडियो बनाने से रोकने जैसे आरोप सामने आएं, तो यह बेहद गंभीर मामला बन जाता है।
क्योंकि जब किसी धार्मिक स्थल पर आने वाला श्रद्धालु खुद को असुरक्षित या अपमानित महसूस करता है, तो इसका असर उस पूरे तीर्थ की छवि पर पड़ता है।
फिलहाल शिकायत पुलिस तक पहुंच चुकी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच कर क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।