अनूपपुर 16 जुलाई 2026। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर परिषद डूमर कछार में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जनसामान्य को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया गया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित "एक पेड़ मां के नाम" अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।