📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 02 सितंबर 2026/ देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए सुरक्षित, स्नेहपूर्ण एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले में संचालित ममता बालगृह का जिला निरीक्षण समिति द्वारा निरीक्षण किया गया। अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन की अध्यक्षता में किए गए निरीक्षण के दौरान बच्चों की देखभाल, संरक्षण, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं उनके समग्र विकास के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान बालगृह में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं एवं देखभाल व्यवस्था की जानकारी ली गई। बच्चों के आवश्यक दस्तावेज एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित सुविधाएं सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों को उनके लिए निर्धारित अधिकारों एवं सुविधाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।
जिला निरीक्षण समिति द्वारा बालगृह की भौतिक अधोसंरचना, संस्थागत सुविधाएं, स्टाफ की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनोरंजन तथा बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही अभिलेखों एवं रजिस्टरों के संधारण, प्रवेश एवं रिपोर्टिंग व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों एवं फीडबैक के आधार पर की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन ने बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती संजीता भगत, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास श्रीमती मंजूषा शर्मा, डॉ. एस.आर. परस्ते, बाल कल्याण समिति अनूपपुर के अध्यक्ष श्री मोहनलाल पटेल तथा विधि सह परिवीक्षा अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री अशोक कुमार त्रिपाठी उपस्थित रहे।