शहडोल संसदीय क्षेत्र के लिए यह गर्व का क्षण है। शहडोल की बेटी और सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।

लोकसभा अध्यक्ष द्वारा गठित भारत-उज़्बेकिस्तान संसदीय मैत्री समूह के प्रतिनिधिमंडल में सांसद हिमाद्री सिंह का चयन हुआ है। खास बात यह है कि 543 सदस्यीय लोकसभा में से चयनित केवल तीन युवा सांसदों को इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया गया है, जिसमें हिमाद्री सिंह भी शामिल हैं।

यह प्रतिनिधिमंडल 4 से 7 सितंबर 2026 तक उज़्बेकिस्तान की चार दिवसीय यात्रा पर रहेगा। भारत और उज़्बेकिस्तान के मजबूत होते संबंधों के बीच शहडोल की बेटी का इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनना पूरे मध्यप्रदेश और शहडोल संभाग के लिए गौरव की बात है।

संसद में क्षेत्र की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने वाली हिमाद्री सिंह को अब वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।