अनूपपुर 31 अगस्त 2026/ म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर चिंतक एवं आध्यात्मिक दार्शनिक महर्षि अरविंद की जयंती पखवाड़े के तहत व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम गरिमामय एवं प्रेरक वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि अरविंद का जीवन कर्मयोग, राष्ट्रप्रेम और उच्च आध्यात्मिक चेतना का अद्वितीय संगम है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे महर्षि अरविंद के शिक्षा दर्शन एवं नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

वक्ताओं ने महर्षि अरविंद के ‘समग्र योग’ के दर्शन तथा भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को महर्षि अरविंद के विचारों एवं जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मार्तंड महाविद्यालय कोतमा के प्राध्यापक श्री नितिन सहारिया, विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज श्रीवास्तव, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश पाण्डेय, श्री ब्रजेश चतुर्वेदी एवं श्री प्रवीण चौरसिया सहित नवांकुर संस्था के परामर्शदाता तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।