अनूपपुर 31 अगस्त 2026/कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी निराश्रित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ मिलने से बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। साथ ही, उन्हें शिक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जाए। कलेक्टर श्री झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की पारंपरिक धरोहरों, तालाबों एवं खेत-तालाबों का गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण रबी फसल की कटाई के पश्चात कराया जाए। उन्होंने कहा कि पारंपरिक जलस्रोतों के संरक्षण और उनके पुनर्जीवन के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। उन्होंने तालाबों एवं अन्य पारंपरिक जलस्रोतों पर अतिक्रमण की स्थिति की नियमित निगरानी करने तथा जहां भी अतिक्रमण पाया जाए, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अतिक्रमण के विरुद्ध समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, ताकि जिले के पारंपरिक जलस्रोतों का संरक्षण किया जा सके। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा कलेक्टर कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।

बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले के अंतर्गत राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले हाट बाजारों को चिन्हित कर उन्हें उपयुक्त एवं सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाट बाजारों के लिए चयनित स्थानों पर पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि बाजार में आने वाले नागरिकों को सुविधा मिल सके। कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में आवारा पशुओं को गौशालाओं में स्थानांतरित किए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि आवारा पशुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से गौशालाओं में पहुंचाया जाए। गौशालाओं में पशुओं के लिए पर्याप्त पेयजल एवं चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 बैठक में कलेक्टर ने अनूपपुर में विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय संचालित करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए। उन्होंने पुस्तकालय में पर्याप्त संख्या में उपयोगी पुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री, समाचार-पत्र एवं पत्रिकाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर श्री झा ने नर्मदा परिक्रमा पथ के सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए स्थल चिन्हांकन के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार किया जाए तथा परिक्रमा पथ पर बैठने की व्यवस्था, उद्यान, तार की बाड़, हैंडपंप एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास करते हुए सभी कार्य तीन माह की समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में सभी अधिकारी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा प्राप्त प्रतिवेदनों का त्वरित निराकरण करें। जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जन-विश्वास अभियान शासन का महत्वाकांक्षी अभियान है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरण, मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना, जलाशयों में मत्स्य बीज उत्पादन एवं वितरण, स्वास्थ्य विभाग, उद्यानिकी विभाग, जनजातीय कार्य विभाग सहित अन्य विभागों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालिका अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, अनविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग सहित अन्य विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।